Bihar Politics News : नई सरकार में हलचल तेज, मंत्रियों ने संभाला कामकाज – विजय सिन्हा बोले, “अब बिहारी गाली नहीं, स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा”
Bihar police news: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद विभागों में गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का पदभार ग्रहण कर कामकाज की रूपरेखा आगे बढ़ानी शुरू कर दी है। सोमवार को उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की कमान संभाली। विभाग पहुंचने पर अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
इसी क्रम में नितिन नवीन ने पथ निर्माण विभाग, बिजेंद्र यादव ने मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, सुरेंद्र मेहता ने पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, और संजय सिंह टाइगर ने श्रम संसाधन विभाग का कार्यभार विधिवत संभाला।
“बिहारी अब गाली नहीं, स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा” – विजय सिन्हा
पदभार ग्रहण करने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और साफ शब्दों में कहा कि अब “बिहारी” शब्द अपमान का नहीं, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने चेताया कि विभाग में सक्रिय भू-माफिया, सफेदपोश दलाल और भ्रष्टाचारियों पर सरकार की सख्त नजर रहेगी।
सिन्हा ने कहा- “किसी को डराने की जरूरत नहीं, लेकिन जो भूमि और खनन विभाग को लूट का जरिया समझते आए हैं… अब उनके दिन बदलने वाले हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले भी इस विभाग के साथ काम कर चुके हैं, इसलिए जमीन से जुड़े मुद्दों की व्यावहारिक चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं।
भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
विजय सिन्हा ने संकेत दिए कि आने वाले समय में भूमि विवाद, अंचल स्तर पर फैली अव्यवस्था और फर्जी तरीके से जमीन कब्जाने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, “अंचल से लेकर मुख्यालय तक हर स्तर पर पारदर्शिता लाई जाएगी। जमीन से जुड़े मामलों में दलालों का हस्तक्षेप खत्म होगा।”
पथ निर्माण विभाग संभालते ही एक्शन मोड में नितिन नवीन
दूसरी ओर, मंत्री नितिन नवीन ने पथ निर्माण विभाग का कार्यभार ग्रहण किया। स्वागत के बाद उन्होंने साफ कहा कि राज्य में सड़क विकास को लेकर जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा- “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सड़क निर्माण के लिए जिस विज़न को तय किया है, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।”
15 दिनों में तैयार होगा विभाग का रोडमैप
मंत्री नितिन नवीन ने यह भी घोषणा की कि अगले 15 दिनों के भीतर विभाग की सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विस्तृत रोडमैप तैयार कर प्रस्तुत किया जाएगा।
साथ ही, सड़क निर्माण परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश भी दिया जाएगा।
नई सरकार, नए तेवर – प्रशासनिक गति पकड़ने की उम्मीद
नई सरकार बनने के बाद विभिन्न विभागों में कामकाज की रफ्तार बढ़ गई है। मंत्रियों द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही प्रशासनिक ढांचे में तेजी से बदलाव के संकेत दिखने लगे हैं।
आने वाले हफ्तों में कई बड़े निर्णय और नई नीतियों की घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है, जो राज्य की व्यवस्था और विकास कार्यों की दिशा तय करेंगे।







