Bihar Weather News: बिहार में मानसून का जोरदार आगाज़- कल से झमाझम बारिश के आसार, 22 जिलों में तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट
Bihar Weather News: बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, पटना में दिनभर बादल छाए रहने के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो हाल के दिनों की तुलना में 4 से 6 डिग्री कम है।
22 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राज्य के 22 जिलों में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। जिन जिलों में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है उनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली शामिल हैं। इनमें कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
इन जिलों में गर्मी का असर रहेगा बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और भोजपुर में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने के कारण तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं उत्तर-पूर्वी और पूर्वी बिहार के जिलों में बादल और बारिश के चलते मौसम काफी सुहावना बना रहेगा।
लोगों के लिए जारी की गई सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए राहत की खबर
विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। यह बारिश खेती-किसानी के लिए फायदेमंद साबित होगी, वहीं आम लोगों को भी गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।







