Bihar Weather News: बिहार में मौसम का कहर, आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और ठनका से दहशत, 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे बिहार के कई हिस्सों में मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। खासकर ग्रामीण इलाकों में ठनका को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम ने जमकर तबाही मचाई। देर रात करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई। कई जगह सड़कें धंस गईं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। पटना में ओलावृष्टि होने से मई की गर्मी के बीच लोगों को ठंड जैसा एहसास हुआ।
वहीं पूर्णिया में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सुपौल में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा बगहा, किशनगंज, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रही।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली चमकने और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
बदलते मौसम ने किसानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। खेतों में तैयार फसल के साथ आम और लीची के बागानों पर नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्पष्ट है कि बिहार में मौसम फिलहाल राहत और आफत- दोनों का मिला-जुला रूप लेकर सामने आया है, जहां गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज बारिश और ठनका ने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है।







