Bihar Weather Report: ठंड और कोहरे की गिरफ्त में बिहार, 27 दिसंबर तक अलर्ट, कई जिलों में शीत दिवस का खतरा
Bihar weather report: बिहार में सर्दी ने अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते कई दिनों से घना कोहरा, बादलों की चादर और तेज पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन इतनी बढ़ गई है कि सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने हालात को देखते हुए 27 दिसंबर तक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के साथ शीत दिवस जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह और देर रात घना कोहरा दृश्यता को काफी कम कर सकता है।
वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों को येलो अलर्ट के दायरे में रखा गया है। इन जिलों में भी कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। ठंडी हवाओं के चलते दिन का तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 दिसंबर को ठंड का असर और तेज हो गया। नालंदा जिले के राजगीर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गयाजी में यह 8 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्वानुमान है कि आने वाले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 25 दिसंबर के बाद पूरे बिहार में कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।







