Bihar Weather Report: बिहार में ठंड का कहर जारी- 3 दिन बेहद भारी, 31 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पटना समेत 13 जिलों में शीत दिवस
Bihar Weather Report: बिहार में ठंड ने इस कदर जकड़ लिया है कि राहत की कोई सूरत फिलहाल नजर नहीं आ रही। कड़ाके की सर्दी और कनकनी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए अगले तीन दिनों को बेहद संवेदनशील बताते हुए खतरनाक अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शीतलहर, घना कोहरा और ठिठुरन लोगों की मुश्किलें और बढ़ा सकती हैं।
राजधानी पटना समेत 13 जिलों में आज शीत दिवस का अलर्ट घोषित किया गया है। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
पटना लगातार शीत दिवस की गिरफ्त में
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते बिहार के 32 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
पटना में शनिवार को लगातार दूसरे दिन शीत दिवस रहा। दिन में हल्की धूप जरूर निकली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली और अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
31 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 31 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे तक ठंड का प्रकोप बने रहने की आशंका है। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। हालांकि आसमान धीरे-धीरे साफ होने के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन ठंड से राहत अभी दूर है। अगले दस दिनों तक सुबह और शाम की सर्दी लोगों को परेशान करती रहेगी।
15 जनवरी के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 जनवरी के बाद हल्की बारिश की संभावना बन रही है, जिसके चलते तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में भी 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ बना ठंड की बड़ी वजह
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। उत्तर-पश्चिम से आ रही सर्द हवाएं बिहार में तापमान को नीचे बनाए हुए हैं। घना कोहरा और सीमित धूप दिन के तापमान को बढ़ने नहीं दे रही, जबकि रात में ठंडी हवाओं से पारा और गिर रहा है। यही कारण है कि राज्य में शीत दिवस की स्थिति लगातार बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।







