Movie prime

Bihar Weather Report: नए साल में भी नहीं मिली राहत: बिहार में 72 घंटे का ठंड–कोहरा अलर्ट, 33 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

 
नए साल में भी नहीं मिली राहत: बिहार में 72 घंटे का ठंड–कोहरा अलर्ट, 33 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

Bihar Weather Report: नए साल की शुरुआत के साथ ही बिहार में ठंड का कहर जारी है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए अगले 72 घंटे का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने साफ कहा है कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, अन्यथा बाहर निकलने से बचें।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से 5 और 6 जनवरी को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान ठंड के साथ-साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है।

उत्तर बिहार में ज्यादा असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और सहरसा जिलों में लगातार घना कोहरा छाया रह सकता है। इन इलाकों में दिन के समय भी ठंड का असर बना रहने की संभावना है।

तापमान में और गिरावट के संकेत

राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। अनुमान है कि तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज और बेगूसराय जैसे जिलों में ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित होने की चेतावनी दी गई है।

दक्षिण और मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया और नवादा जिलों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

33 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 33 जिलों में कोल्ड डे और कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठंड के चलते कई जगहों पर सुबह से शाम तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए और जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

अगले कुछ दिन ऐसे रहेंगे हालात

विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि अगले 4–5 दिनों में कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है।

शनिवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी और बांका में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना सहित कई जिलों में आज अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है।