Newshaat_Logo

Bihar Weather Report: बिहार में ठंड का ऑरेंज अलर्ट: घने कोहरे ने थामी रफ्तार, 10–20 मीटर तक सिमटी दृश्यता, अभी और बढ़ेगी ठिठुरन

 
बिहार में ठंड का ऑरेंज अलर्ट: घने कोहरे ने थामी रफ्तार, 10–20 मीटर तक सिमटी दृश्यता, अभी और बढ़ेगी ठिठुरन

Bihar Weather Update: बिहार में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार की सुबह पूरा प्रदेश घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। राजधानी पटना समेत जहानाबाद, गया, भागलपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही जबरदस्त कोहरा छाया रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगहों पर दृश्यता घटकर मात्र 10 से 20 मीटर रह गई। पछुआ हवाओं के चलते सर्दी का असर और तीखा हो गया है।

मौसम विभाग ने राज्यभर के लिए घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि फिलहाल राहत की उम्मीद कम है और अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप बना रहेगा।

अभी और सताएगी सर्दी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम के मिजाज में कोई खास बदलाव नहीं होगा। राज्य के करीब 10 जिलों में घने कुहासे को लेकर चेतावनी दी गई है। बीते 24 घंटों में सहरसा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं भागलपुर में 7.6 डिग्री और गया में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

पहाड़ों की बर्फबारी का असर

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब बिहार के मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।

मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खुले में अनावश्यक निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।

पटना का हाल

राजधानी पटना में गुरुवार की सुबह तेज ठंडी हवाओं के साथ हुई। सुबह 10 बजे के बाद कुहासा कुछ हद तक छंटा और हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। पटना का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय दृश्यता करीब 800 मीटर रही।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 दिसंबर को राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी। वहीं 29 और 30 दिसंबर को पश्चिमी बिहार के कुछ इलाकों में भी ऐसे हालात देखने को मिल सकते हैं। अगले पांच दिनों तक उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई इलाकों में घना कुहासा छाए रहने की संभावना जताई गई है।