Newshaat_Logo

Bihar Weather Update: बदलते मौसम का अलर्ट- बिहार में बादल, आंधी और बढ़ती गर्मी का ट्रिपल अटैक!

 
Bihar weather update
Bihar Weather Update: अप्रैल की शुरुआत के साथ ही बिहार का मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। आसमान में छाए बादल, धूप की आंख-मिचौली और बढ़ती उमस ने मौसम को अस्थिर बना दिया है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक, पूर्वी बिहार के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का असर पूरे राज्य में महसूस किया जा रहा है।

बुधवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में दिनभर बादलों और धूप का मिला-जुला असर दिखा। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन हवाओं में नमी और ठहराव ने लोगों को राहत और बेचैनी दोनों का एहसास कराया। पटना में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से ऊपर रहा।

येलो अलर्ट जारी, तेज हवाओं का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बदल सकते हैं। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की आशंका है। इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की बारिश के भी संकेत हैं।

धीरे-धीरे बढ़ेगी गर्मी, आंधी-बारिश का भी रहेगा असर

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बादलों की मौजूदगी गर्मी को थोड़ी राहत दे रही है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में इजाफा तय है। अप्रैल महीने में सामान्य से ज्यादा आंधी और बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

सावधानी जरूरी

मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज धूप, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं से बचने के लिए जरूरी एहतियात बरतना जरूरी है।