Movie prime

Bihar Weather Update: बिहार पर ठंड का शिकंजा, कोहरे ने थामा रफ्तार- शीतलहर का अलर्ट जारी

 
Bihar weather update

Bihar Weather Update: बिहार में ठंड का असर दिन-ब-दिन तेज होता जा रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लगातार शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है और अनुमान जताया है कि 15 दिसंबर के बाद ठंड और ज्यादा तीखी हो सकती है। आने वाले सात दिनों तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

घने कोहरे से यातायात प्रभावित

राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है। कुछ जगहों पर विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण ट्रेन और विमान सेवाओं पर भी असर देखा जा रहा है। राजधानी पटना में वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। एयरपोर्ट और वेटनरी कॉलेज इलाके में AQI 151 से 333 के बीच दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

17 दिसंबर के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, सारण, बक्सर, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में अगले दो दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 17 दिसंबर के बाद बिहार में देखने को मिलेगा। इसके चलते 22 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड, शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

तापमान में गिरावट का दौर जारी

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 22.1 से 29.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.0 से 16.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मोतिहारी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि किशनगंज सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने, गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने और कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता रखने की सलाह दी है।