Newshaat_Logo

Bihar weather update: बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात और बाढ़ का बढ़ा खतरा

 
बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट; वज्रपात और बाढ़ का बढ़ा खतरा

Bihar Weather Update: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बुधवार के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया और सुपौल में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर, बांका और जमुई में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर समेत कई जिलों में मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में अगले कुछ दिनों के भीतर दो निम्न दबाव के क्षेत्र बनने की संभावना है। पहला सिस्टम एक-दो दिनों में सक्रिय हो सकता है, जबकि दूसरा 18 से 19 जुलाई के बीच विकसित होने के संकेत हैं। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से बिहार के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।

लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर भी दिखाई देने लगा है। नेपाल में बारिश के कारण मुजफ्फरपुर में बागमती नदी उफान पर है। औराई और कटरा प्रखंड को जोड़ने वाला पीपा पुल पानी में डूब गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से दियारा क्षेत्रों में कटाव तेज हो गया है। गोपालगंज में लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। साथ ही स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। विभाग का कहना है कि जहां बारिश होगी वहां तापमान में राहत मिलेगी, जबकि जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं होगी वहां उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। फिलहाल राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने के आसार हैं।