Movie prime

Bihar weather update: बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में घना कोहरा, कुछ इलाकों में बारिश के आसार

 
Bihar weather update
Bihar Weather Update: बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में शनिवार की सुबह घना कोहरा देखने को मिला, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। भागलपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर तक पहुंच गई। उत्तर बिहार के कई जिलों में भी सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी मौसम का मिजाज कुछ इसी तरह बना रह सकता है। सुबह कोहरा और दिन में धूप देखने को मिल सकती है।

बारिश को लेकर क्या कहता है मौसम विभाग

पिछले 24 घंटों में ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड के ज्यादा बढ़ने के संकेत नहीं हैं। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है, जिससे धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि शीतलहर या शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की आशंका नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

इन जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी के पहले दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर में कोहरे का असर देखा गया। अन्य जिलों में हल्का कुहासा छाया रहा।
सुबह धूप निकलने के बाद कोहरे का असर धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।

वहीं 2 फरवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर में घने कोहरे की संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में हल्का कुहासा रह सकता है।

3 फरवरी को कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया है कि 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। बारिश की यह स्थिति सिर्फ एक दिन तक सीमित रह सकती है।

तापमान का ताजा हाल

शनिवार को राज्य के कई इलाकों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में दर्ज हुआ।
वहीं दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस राजगीर में और सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरपुर में दर्ज किया गया।