Movie prime

बिहार के युवा ने शार्क टैंक में रच दिया इतिहास, स्टार्टअप को मिला 50 लाख का निवेश ऑफर

 
Shark tank

Bihar news: बिहार अब सिर्फ प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की पहचान तक सीमित नहीं रहा। राज्य के युवा अब स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में भी देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण छपरा (सारण) के युवा उद्यमी रविचंद शर्मा हैं, जिन्होंने मशहूर टीवी शो शार्क टैंक इंडिया में अपने स्टार्टअप की दमदार प्रस्तुति देकर सभी निवेशकों का ध्यान खींचा।

रविचंद शर्मा आरसीएक्स लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। उन्होंने अपने इनोवेटिव लाइटिंग प्रोडक्ट्स के जरिए न सिर्फ शार्क्स को प्रभावित किया, बल्कि बिहार का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया।

बचपन का सपना बना स्टार्टअप

रविचंद ने शार्क टैंक में बताया कि उनके पिता पेशे से इलेक्ट्रिशियन थे। बचपन से ही लाइटिंग और इलेक्ट्रिकल डिज़ाइन में उनकी खास रुचि रही। स्कूल के दिनों में उन्होंने लाइटिंग प्रोजेक्ट्स पर काम किया और इसके लिए चंडीगढ़ और कोलकाता में नेशनल अवॉर्ड भी हासिल किया।

सरकारी योजनाओं से मिली उड़ान

पिता की सलाह पर रविचंद ने बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ लेकर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई शुरू की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपने आइडिया पर काम जारी रखा और बाद में आरसीएक्स लाइटिंग की शुरुआत की। स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी।

उद्यमी योजना से बदली किस्मत

वर्ष 2022 में बिहार सरकार की उद्यमी योजना के तहत ऋण मिलने के बाद आरसीएक्स ने तेज़ी से तरक्की की। कंपनी ने कम लागत में आधुनिक लाइटिंग समाधान तैयार किए, जिनसे बुर्ज खलीफा जैसी लाइटिंग तकनीक को भारतीय बाजार के लिए सुलभ बनाया गया। आज आरसीएक्स के प्रोजेक्ट्स मुंबई से लेकर दुबई तक की ऊंची इमारतों और टावरों को रोशन कर रहे हैं।

शार्क टैंक में मिली बड़ी पहचान

सोनी टीवी के लोकप्रिय शो शार्क टैंक इंडिया में आरसीएक्स के डिजिटल लाइटिंग डिस्प्ले को सभी निवेशकों ने सराहा। शार्क्स ने कंपनी के भविष्य को उज्ज्वल बताया और अहम बिजनेस सलाह भी दी। शो के दौरान बोट कंपनी के फाउंडर अमन गुप्ता ने रविचंद शर्मा, रवि कुमार और प्रिंस कुमार को 50 लाख रुपये का निवेश ऑफर दिया, जिसे शो की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बिहार बन रहा इनोवेशन का नया केंद्र

आरसीएक्स की सफलता यह साबित करती है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उद्यमी योजना और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड स्कीम ने बिहार के युवाओं को नई दिशा दी है। अब राज्य के युवा सिर्फ नौकरी की तलाश नहीं कर रहे, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बन रहे हैं। ऐसे स्टार्टअप बिहार को इनोवेशन और उद्यमिता के नए हब के रूप में स्थापित कर रहे हैं।