बिहार की बेटी बनी एक दिन की मुखिया, गोढ़वा पंचायत ने रचा अनोखा इतिहास
Bihar news: गणतंत्र दिवस के मौके पर पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी प्रखंड की गोढ़वा पंचायत ने एक नई मिसाल कायम की। यहां पंचायत के मुखिया राजू बैठा ने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के लिए पंचायत की ही एक किशोरी को एक दिन के लिए मुखिया बनाया। इस पहल ने न सिर्फ गांव, बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है।
इस खास कार्यक्रम के लिए पंचायत स्तर पर एक प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह प्रतियोगिता 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हुई, जिसमें गोढ़वा पंचायत की कक्षा 6 से 9 तक की छात्राओं ने हिस्सा लिया। परीक्षा के आधार पर तीन प्रतिभागियों का चयन किया गया।
इसमें अनुष्का कुमारी को पहला स्थान मिला और उन्हें 26 जनवरी के लिए “एक दिन की मुखिया” घोषित किया गया। दूसरे स्थान पर सुचिता और तीसरे स्थान पर रागनी कुमारी रहीं। सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुखिया राजू बैठा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत की बेटियों में पढ़ाई, खेल, नेतृत्व और आत्मनिर्भर बनने की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि बालिकाएं आगे चलकर शिक्षा, राजनीति, खेल और समाज के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें, यही इस पहल का मकसद है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पंचायत भवन में जल्द ही एक खेल केंद्र बनाया जाएगा, जहां लड़कियों को खेलकूद और प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। यह केंद्र बालिकाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए काम करेगा।
गोढ़वा पंचायत की यह पहल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा की सोच को जमीन पर उतारने का उदाहरण बन गई है। इस कार्यक्रम से यह संदेश गया है कि पंचायतें केवल प्रशासन तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी भी बन सकती हैं।







