Newshaat_Logo

बिहार की सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार, 21 हजार करोड़ के वित्तपोषण पर सरकार और NABARD के बीच हुआ बड़ा समझौता

 
बिहार की सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार, 21 हजार करोड़ के वित्तपोषण पर सरकार और NABARD के बीच हुआ बड़ा समझौता

Bihar news: बिहार में सड़क और पुलों के विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में पथ निर्माण विभाग और राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) के बीच 21 हजार करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से राज्य में सड़क एवं पुल परियोजनाओं के लिए दीर्घकालिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

समारोह में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन वी. ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास में नाबार्ड की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है और भविष्य में भी यह सहयोग राज्य के विकास को नई गति देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने के लिए सड़क एवं पुल निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क न केवल लोगों की आवाजाही आसान करेगा, बल्कि व्यापार, कृषि और निवेश को भी बढ़ावा देगा। उनके अनुसार, इस वित्तीय सहयोग से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का कार्य तेज़ी से पूरा किया जा सकेगा।

नाबार्ड के अध्यक्ष शाजी कृष्णन वी. ने बिहार में तेज़ी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास परियोजनाओं के लिए नाबार्ड भविष्य में भी सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘NABARD in Bihar’ पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही पारंपरिक कला और शिल्प के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन कलाकारों को जीआई (Geographical Indication) प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। भोजपुर के संजीव सिन्हा को पिड़िया पेंटिंग, गया के रविंद्र नाथ गौड़ को पत्थर कला और नालंदा के सुरेश देव को बावन बूटी कला के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य सरकार के कई आला अधिकारी भी मौजूद रहे।