बिहार के बड़े IAS अधिकारी लोकेश कुमार सिंह ICU में भर्ती: अचानक बिगड़ी तबीयत से प्रशासनिक महकमे में हलचल
डॉक्टरों के मुताबिक उनका शुगर लेवल अचानक काफी नीचे चला गया था, जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ गई। हालांकि समय रहते इलाज शुरू कर दिया गया और अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के ICU में रखा गया है।
अस्पताल पहुंचे कई बड़े नेता और अधिकारी
लोकेश कुमार सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय , वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि समेत कई अधिकारी IGIMS पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी सेहत की जानकारी ली।
अस्पताल में उनकी पत्नी और मां भी मौजूद हैं।
हाल ही में मिली थी बड़ी जिम्मेदारी
बताया जा रहा है कि हाल ही में लोकेश कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे 2003 बैच के बिहार कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं और करीब 23 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव रखते हैं।
बेहतर कार्यशैली और प्रशासनिक पकड़ के कारण उन्हें बिहार के प्रभावशाली अधिकारियों में गिना जाता है।
डॉक्टरों ने दी राहत की खबर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि स्वास्थ्य में सुधार होने पर जल्द ही उन्हें ICU से बाहर शिफ्ट किया जा सकता है।







