Movie prime

गांधीनगर मंथन में बिहार की दमदार मौजूदगी: डॉ. प्रमोद कुमार ने रखा सहकारिता मॉडल, अमित शाह की अध्यक्षता में बड़ी रणनीति पर चर्चा

 
गांधीनगर मंथन में बिहार की दमदार मौजूदगी: डॉ. प्रमोद कुमार ने रखा सहकारिता मॉडल, अमित शाह की अध्यक्षता में बड़ी रणनीति पर चर्चा
Bihar news: सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुजरात के गांधीनगर में आयोजित ‘सहकार से समृद्धि’ मंथन बैठक में बिहार सरकार ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की, जिसमें देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने राज्य में चल रहे सुधार अभियानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने पैक्स संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, डिजिटलीकरण, सदस्यता विस्तार अभियान और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों को राष्ट्रीय मंच पर साझा किया। उनके साथ विभागीय सचिव धर्मेन्द्र सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

मंथन के दौरान नई राष्ट्रीय सहकारी नीति के प्रारूप, त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना, सहकारी बैंकों को मजबूत करने, पैक्स के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत देने जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इसके साथ ही डेयरी और मत्स्य क्षेत्र में सस्टेनेबिलिटी, अन्न भंडारण, एम-पैक्स मॉडल, सहकारी संस्थाओं के कंप्यूटरीकरण और कानूनों में समयानुकूल संशोधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को ‘सहकार से समृद्धि’ विज़न को जमीन पर उतारने की ठोस पहल माना जा रहा है। लक्ष्य साफ है सहकारिता तंत्र को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाकर ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की रफ्तार तेज करना।