बोधगया के विद्यालय में पढ़ाई के साथ तैराकी की नई शुरुआत, बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का मौका, स्विमिंग पूल का विधिवत उद्घाटन
Gaya News: बोधगया की पावन ज्ञानभूमि से ज्ञान भारती रेजिडेंशियल कंपलेक्स विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब इस विद्यालय में बच्चों को पढ़ाई के साथ तैराकी का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी कड़ी में विद्यालय परिसर में बने नए स्विमिंग पूल का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।
विद्यालय की निदेशक मधु प्रिया ने इस अवसर पर बताया कि उनके विद्यालय के छात्र पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। अब उद्देश्य यह है कि वे खेल, विशेषकर तैराकी में भी अपनी पहचान बनाएं और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों का संतुलन बेहद जरूरी है।
इस उद्घाटन समारोह में राजेश पांडे और ऋतु डालमिया सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक होते हैं। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि निजी स्कूलों में अक्सर खेल सुविधाओं की कमी देखी जाती है, खासकर तैराकी जैसी गतिविधियाँ बहुत कम उपलब्ध होती हैं। इसी कमी को दूर करने के लिए यह स्विमिंग पूल तैयार किया गया है, ताकि छात्र न केवल शारीरिक रूप से फिट रहें, बल्कि प्रतियोगी स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखा सकें। विद्यालय द्वारा बच्चों को पेशेवर प्रशिक्षण देने की भी योजना बनाई गई है, जिससे वे आने वाले वर्षों में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें। प्रबंधन को उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में विद्यालय के छात्र तैराकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करेंगे।







