Newshaat_Logo

बिहार में हेल्थ सेक्टर को बूस्ट! नीतीश कुमार ने 4954 ANM को दिए नियुक्ति पत्र, गांव-गांव पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा

 
बिहार में हेल्थ सेक्टर को बूस्ट! नीतीश कुमार ने 4954 ANM को दिए नियुक्ति पत्र, गांव-गांव पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा
Bihar News: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आज बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4954 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ANM) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने सांकेतिक रूप से विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र देकर सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

सीएम ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग के लिए ‘ऐतिहासिक दिन’
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने इसे बिहार के स्वास्थ्य विभाग के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत हुई इस बड़ी नियुक्ति से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर इलाज की सुविधा पहुंचेगी।

कहां-कहां मिली तैनाती?
    •    4197 ANM – स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर
    •    458 ANM – राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK)
    •    299 ANM – शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

इस भर्ती के बाद राज्य में 2250 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र सक्रिय हो जाएंगे, जिससे गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

एक साल में 20 हजार से ज्यादा बहाली
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पिछले एक साल में 20,413 नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें डॉक्टर, ANM, आयुष चिकित्सक और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर शामिल हैं। सरकार तेजी से स्वास्थ्य ढांचे और मानव संसाधन दोनों को मजबूत कर रही है।

कार्यक्रम में रहे कई दिग्गज मौजूद
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिंहा समेत कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे। इस बड़ी नियुक्ति को बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।