आज से शुरू हुई BPSC Mains Exam 2026: मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह रोक, दो लेवल जांच व्यवस्था लागू
71st BPSC Main Exam Starts: राज्य में प्रशासनिक सेवाओं की बहुप्रतीक्षित BPSC Mains परीक्षा आज से शुरू हो गई है। Bihar Public Service Commission द्वारा आयोजित इस परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नकल और कदाचार पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से दो स्तर की जांच व्यवस्था लागू की गई है, जिसके बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया.
शनिवार को सुबह 6.45 से ही अशोक राजपथ स्थित बीएन कॉलेजियेट परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थी जुटने लगे थे. सुबह 7.30 बजे से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में एंट्री दी गई. अभ्यर्थियों के ई-एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी और आईडी जांच कर ही एंट्री दी गई.
परीक्षा केंद्रों पर सख्ती
अभ्यर्थियों को बारी-बारी से चेक कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी बैग या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर एंट्री न करें. इस दौरान सेंटर पर माइक से यह घोषणा भी की गई कि सेकंड शिफ्ट की परीक्षा में दोपहर एक बजे के बाद एंट्री नहीं दी जाएगी. पहले दिन पहली शिफ्ट में सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी. जबकि दूसरे शिफ्ट में निबंध पत्र (Essay Paper) की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी.
30 अप्रैल तक होगी परीक्षा
बीपीएससी 71वीं संयुक्त परीक्षा का आयोजन 30 अप्रैल तक पटना स्थित निर्धारित 22 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. यह परीक्षा बिहार प्रशासनिक सेवा, बिहार पुलिस सेवा और समकक्ष टोटल 1298 पदों पर अभ्यर्थियों के चयन के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें 13,024 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे. पहले दिन शनिवार को दो शिफ्ट में परीक्षा ली जायेगी. पहले शिफ्ट में सामान्य हिन्दी विषय की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और सेकंड शिफ्ट में निबंध पत्र की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी.
किस दिन किस विषय की होगी परीक्षा?
27 अप्रैल को सामान्य अध्ययन (प्रथम पत्र) की, 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन (द्वितीय पत्र) की परीक्षा और 29 अप्रैल को ऐच्छिक विषय, 30 अप्रैल को वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी से संबंधित एक ऐच्छिक विषय की परीक्षा एक शिफ्ट में होगी. परीक्षा के बाद अगर किसी अभ्यर्थी को कोई शिकायत हो, तो पोर्टल पर ग्रीवांस सेक्शन में शिकायत कर सकता है.







