Newshaat_Logo

BPSC TRE-4.0: शिक्षक भर्ती के आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 3 नवंबर तक मिलेगा मौका

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
 
BPSC

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

इस भर्ती अभियान के तहत शिक्षा विभाग में विद्यालय अध्यापक के कुल 33,320 पदों पर नियुक्ति की जानी है। आयोग के अनुसार, इन पदों के लिए अब तक करीब 9 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। ऐसे में भर्ती को लेकर उम्मीदवारों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दायर रमन कुमार मंडल एवं अन्य बनाम बिहार राज्य एवं अन्य मामले में 1 अगस्त 2025 को पारित आदेश के आलोक में आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने का फैसला लिया है।

पहले 32,388 पदों पर होनी थी भर्ती

TRE-4.0 के तहत शुरुआत में 32,388 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। बाद में रिक्तियों की समीक्षा और संशोधन के बाद 932 पद और बढ़ा दिए गए। इसके साथ ही कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 33,320 हो गई।

बढ़ाई गई रिक्तियों में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक पद शामिल हैं। कक्षा 9वीं और 10वीं के लिए 493 पद बढ़ाए गए, जिससे इन कक्षाओं में रिक्तियों की संख्या 3,877 से बढ़कर 4,370 हो गई।

इसी तरह, कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 439 अतिरिक्त पद जोड़े गए। इसके बाद उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के कुल पदों की संख्या 16,101 से बढ़कर 16,540 हो गई।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सूचना

आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें और 2 नवंबर तक आवेदन शुल्क जमा कर दें। अंतिम समय में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करना चाहिए।