चंद्रवंशी समाज के सर्वांगीण विकास पर मंथन, राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
Bihar News: अखिल भारतवर्षीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति एवं बिहार प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को पटना स्थित बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में समाज के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने समाज के लोगों से संगठित रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक एकता पर निर्भर करती है।
बैठक में समाज के वर्तमान परिदृश्य, युवाओं की भागीदारी, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समरसता, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, आर्थिक सशक्तिकरण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
महासभा ने केंद्र और राज्य सरकारों से समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं विकासात्मक योजनाओं को गति देने, जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने तथा युवाओं के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण की सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।
इसके अलावा लोकतांत्रिक व्यवस्था में चंद्रवंशी समाज की उचित राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लागू करने तथा महाराज जरासंध की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए ठोस पहल करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि महासभा समाज के हितों और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं रचनात्मक तरीके से निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में एनडीए सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के लोगों तक पहुंच रहा है और चंद्रवंशी समाज एनडीए नेतृत्व में अपनी आस्था व्यक्त करता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए देशभर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रखंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक ढांचे का पुनर्गठन किया जाएगा।
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रतिनिधियों और कार्यसमिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महामंत्री रण विजय रोशन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।







