अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में शामिल होने पटना पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, हेलिकॉप्टर से जाएंगे नदवां
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की आज शाही शादी है। शादी समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह पटना पहुंचे।
पटना एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह हेलिकॉप्टर से नदवां गांव के लिए रवाना होंगे, जहां शादी समारोह का आयोजन किया गया है। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अनंत सिंह की बेटी की शादी है, इसलिए इसमें शामिल होने जा रहे हैं। पटना से हेलिकॉप्टर के जरिए नदवां पहुंचेंगे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद उन्हें गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी जाना है।
जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या अनंत सिंह ने उनके लिए हेलिकॉप्टर भेजा है? इस पर बृजभूषण शरण सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा, "हेलिकॉप्टर हमारा है, लेकिन समझिए कि उनका ही है।"
उन्होंने अनंत सिंह के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें शादी का निमंत्रण मिला था। अनंत सिंह के बच्चे उनके यहां आते-जाते रहते हैं और परिवार के हर कार्यक्रम में उनकी भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह से उनका पुराना संबंध है और बेटी की शादी में शामिल होने के लिए आए हैं।







