बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ करने की मांग पर भाई वीरेंद्र का तंज, बोले- बेरोजगारी और पलायन पर बात क्यों नहीं?
Bihar Political News: बिहार में बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किए जाने की चर्चा ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। नाम बदलने की मांग को लेकर अब आरजेडी के वरिष्ठ विधायक और विधानसभा की एस्टीमेट कमिटी के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार इस समय बेरोजगारी और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, ऐसे में बहस का मुद्दा नाम बदलना नहीं, बल्कि इन समस्याओं का समाधान होना चाहिए।
भाई वीरेंद्र ने तंज कसते हुए कहा कि अगर नाम बदलने की ही बात है तो भारत का नाम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रख देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा स्थिति पर ध्यान देने के बजाय नाम बदलने को लेकर चर्चा करना समझ से परे है।
संतोष सुमन ने दिया था ‘नीतीशपुर’ नाम का सुझाव
बख्तियारपुर का नाम बदलने की चर्चा की शुरुआत बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन के सुझाव के बाद तेज हुई। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किए जाने की बात कही थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी एक पॉडकास्ट में बख्तियारपुर का नाम बदले जाने के पक्ष में अपनी व्यक्तिगत राय जाहिर कर चुके हैं। हालांकि, अभी तक बिहार सरकार की ओर से नाम बदलने को लेकर कोई आधिकारिक प्रस्ताव सामने नहीं आया है।
शराबबंदी पर भी भाई वीरेंद्र ने सरकार को घेरा
शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह खुद शराबबंदी के समर्थन में रहे हैं, लेकिन राज्य में इस कानून के मौजूदा हालात को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर शराबबंदी कानून लागू है तो इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आरजेडी विधायक ने आरोप लगाया कि “खाकी और खादी दोनों मिलकर शराबबंदी कानून को बर्बाद कर रहे हैं।”
‘सम्राट चौधरी को बीजेपी ने बनाया मुख्यमंत्री’ वाले बयान पर क्या बोले?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर भी भाई वीरेंद्र से सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नहीं, बल्कि उनकी पार्टी बीजेपी ने मुख्यमंत्री बनाया है।
इस पर आरजेडी विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन संबंधित राजनीतिक दल के शीर्ष नेता करते हैं। उनके मुताबिक, सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर जो बात कही है, उसमें उन्हें कुछ गलत नजर नहीं आता।







