Newshaat_Logo

सुपौल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टक्कर के बाद पलटी बस, 2 दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

 
सुपौल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टक्कर के बाद पलटी बस, 2 दर्जन से ज्यादा यात्री घायल
Bihar News: बिहार के सुपौल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। सुपौल के निर्मली थाना क्षेत्र में NH-27 पर ट्रक और बस की जोरदार टक्कर के बाद यात्रियों से भरी बस पलट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही के पास हुई। बताया जा रहा है कि पटना से उदाकिशुनगंज जा रही बस को तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के दौरान टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

बस में थे 40 से ज्यादा यात्री

हादसे के वक्त बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मची चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज, 8 की हालत गंभीर

सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद NH-27 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

फिलहाल घायलों के बेहतर इलाज और हादसे के कारणों की जांच जारी है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।