Newshaat_Logo

सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं होने के मामले में बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक निलंबित

 
सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं होने के मामले में बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक निलंबित

Bihar news:  मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं होने के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में उन पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का आरोप लगाया गया है.

जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी थी. इसके बाद अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में गठित जांच टीम ने मामले की जांच की. जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पदाधिकारी बक्सर ने नगर विकास एवं आवास विभाग को रिपोर्ट भेजी थी.

विभाग ने कहा है कि प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए हैं तथा उनका कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रावधानों के प्रतिकूल है. इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत उन्हें अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया.

निलंबन अवधि में कुमार ऋत्विक का मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके विरुद्ध आरोप पत्र और विभागीय कार्यवाही से संबंधित अलग संकल्प शीघ्र जारी किया जाएगा. साथ ही नगर परिषद बक्सर में नए कार्यपालक पदाधिकारी की पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.