Movie prime

पटना में केनरा बैंक का खास मेला: सिक्कों की खनक और नए नोटों की सौगात से ग्राहकों को राहत

 
पटना में केनरा बैंक का खास मेला: सिक्कों की खनक और नए नोटों की सौगात से ग्राहकों को राहत
Patna Desk: राजधानी पटना के एस.के. नगर स्थित कैनरा बैंक शाखा में सोमवार को सिक्का वितरण एवं नोट विनिमय मेले का आयोजन किया गया। इस पहल का मकसद ग्राहकों को नए नोट उपलब्ध कराना और पुराने व क्षतिग्रस्त नोटों के बदले सुगमता से विनिमय की सुविधा देना था।

मेले में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे और छोटे नोटों व सिक्कों की उपलब्धता से खासे संतुष्ट नजर आए। बाजार में अक्सर छुट्टे पैसों की कमी से आम लोगों और कारोबारियों को दिक्कत होती है। बैंक की इस पहल से उन्हें तत्काल राहत मिली।

आरबीआई के निर्देशों के अनुरूप पहल

शाखा प्रबंधक अमर कुमार ने बताया कि यह आयोजन Reserve Bank of India के निर्देशों के अनुरूप किया गया है। उद्देश्य यही है कि ग्राहकों को छोटे मूल्यवर्ग के नोट और सिक्के आसानी से मिल सकें तथा पुराने नोटों के विनिमय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा, ताकि बैंकिंग सेवाएं अधिक सुलभ और ग्राहक-हितैषी बन सकें।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक उमेश चौधरी, उदय कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, प्रबंधक ओम प्रकाश सिंह और संजय प्रसाद (असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी, केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन) उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय कार्यालय पटना के उप महाप्रबंधक विकास भारती ने कार्यक्रम में शिरकत की।

इसके अलावा अमित राज, अल्का कुमारी, शिवानी शर्मा, निशांत कुमार और कमल नयन किंकर सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

सिक्कों की खनक और नए नोटों की खुशबू के बीच आयोजित इस मेले ने यह संदेश दिया कि बैंकिंग सेवाएं सिर्फ काउंटर तक सीमित नहीं, बल्कि ग्राहकों की रोजमर्रा की जरूरतों से सीधे जुड़ी हैं।