सम्राट कैबिनेट विस्तार पर सभापति अवधेश नारायण सिंह का बड़ा बयान, बोले- बिहार अब डबल इंजन की रफ्तार से दौड़ेगा
अपने संदेश में सभापति ने राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह का खास उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में यह पहला अवसर है जब इतने बड़े पैमाने पर सार्वजनिक स्थल पर मंत्रिमंडल विस्तार समारोह आयोजित किया गया। उनके मुताबिक यह आयोजन लोकतंत्र की मजबूती और जनता से सीधे संवाद का प्रतीक बनकर सामने आया है।
अवधेश नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार अब “डबल इंजन सरकार” की ताकत के साथ विकास की नई रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर तालमेल से सुशासन और विकास योजनाओं को और गति मिलेगी।
नवनियुक्त मंत्रियों के अनुभव और जनसेवा भावना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नई कैबिनेट में अनुभव और ऊर्जा का संतुलित संगम देखने को मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी मंत्री पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाएंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे।
अपने संदेश के अंत में सभापति ने नई कैबिनेट के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में यह टीम बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में बिहार विकास और सुशासन के नए अध्याय लिखेगा।







