Newshaat_Logo

फसल सहायता राशि पाने का मौका: खरीफ 2025 के चयनित किसानों के लिए दस्तावेज अपलोड प्रक्रिया शुरू

 
फसल सहायता राशि पाने का मौका: खरीफ 2025 के चयनित किसानों के लिए दस्तावेज अपलोड प्रक्रिया शुरू
Bihar news: बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2025 मौसम के लिए चयनित ग्राम पंचायतों के किसानों को सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सहकारिता विभाग ने चयनित पंचायतों के किसानों से आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने की अपील की है, ताकि सहायता राशि का भुगतान समय पर किया जा सके।

विभाग के अनुसार, फसल कटनी प्रयोग से प्राप्त उपज दर के आंकड़ों के आधार पर चयनित पंचायतों की सूची विभागीय वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। पात्र किसान विभाग की वेबसाइट या ई-सहकारी पोर्टल के किसान कॉर्नर में उपलब्ध लिंक के माध्यम से दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपना किसान निबंधन संख्या दर्ज कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करना होगा।

रैयत किसानों को अद्यतन भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र या नवीन राजस्व रसीद के साथ स्व-घोषणा पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। वहीं गैर-रैयत किसानों को वार्ड सदस्य अथवा किसान सलाहकार के प्रतिहस्ताक्षरयुक्त स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा।

सहकारिता विभाग ने बताया कि चयनित किसानों के निबंधित मोबाइल नंबर पर भी दस्तावेज अपलोड करने के लिए लिंक भेजा जा रहा है, जिससे प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया जा सके।

इस संबंध में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि योजना के सभी पात्र किसान निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें, ताकि सहायता राशि का भुगतान बिना किसी विलंब के किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी योग्य किसान को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे चयनित पंचायतों की सूची अपने जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी या कार्यपालक सहायक से भी प्राप्त कर सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान विभागीय कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1800-345-4110 पर संपर्क कर सकते हैं।

सहकारिता विभाग ने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे समय रहते दस्तावेज अपलोड कर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि फसल सहायता राशि का लाभ जल्द से जल्द प्राप्त हो सके।