छपरा को मिलेगा मरीन ड्राइव, नोएडा जैसी टाउनशिप भी बनेगी! सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणाओं से सारण को विकास की नई सौगात
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। गंगा किनारे विकसित होने वाला यह पथ शहर को आधुनिक पहचान देने के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
नोएडा की तर्ज पर बसाया जाएगा आधुनिक शहर
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र में नोएडा की तर्ज पर आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि बाबा हरिहरनाथ के नाम पर विशेष टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा, जहां आधुनिक आधारभूत ढांचा, चौड़ी सड़कें, आवासीय सुविधाएं और व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएंगे।
शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई ताकत
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
डॉक्टरों को सख्त चेतावनी, अनावश्यक रेफरल पर होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उपमुख्यमंत्री का रुख सख्त दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि अनुमंडल अस्पतालों से सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में रेफर करना स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधित डॉक्टरों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि 15 अगस्त तक जिला और अनुमंडल अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। साथ ही चेतावनी दी कि बिना गंभीर कारण के किसी मरीज को पटना रेफर किए जाने पर संबंधित सिविल सर्जन की जवाबदेही तय की जाएगी।
विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी
सरकार का मानना है कि गंगा-अंबिका पथ, आधुनिक टाउनशिप, नए कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसी योजनाएं सारण और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देंगी। इन परियोजनाओं से न केवल शहरों की सूरत बदलेगी, बल्कि शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।







