मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने किया ‘Essential Companion of An AIS Officer’ पुस्तक का विमोचन, अधिकारियों के लिए बनेगी अहम मार्गदर्शिका
कार्यक्रम की शुरुआत सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार सिंह ने पुस्तक का परिचय देते हुए इसकी उपयोगिता और उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह पुस्तक अखिल भारतीय सेवा (AIS) के नए और कार्यरत अधिकारियों के प्रशिक्षण, क्षमता संवर्द्धन तथा अनुशासनिक प्रक्रियाओं के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। पुस्तक में सेवा संबंधी नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी को सरल और व्यवस्थित रूप में संकलित किया गया है।
दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पुस्तक में अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1969, आचरण नियमावली 1968, अभियोजन स्वीकृति से जुड़े प्रावधानों और सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अपील एवं समीक्षा संबंधी वर्ष 2023, 2024 और 2025 के नवीनतम दिशा-निर्देशों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों का भी इसमें संकलन किया गया है।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पुस्तक को प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बताते हुए कहा कि इस प्रकार की अद्यतन और व्यवस्थित सामग्री अधिकारियों को सेवा नियमों, अनुशासनिक प्रक्रियाओं और प्रशासनिक निर्णयों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करेगी।
उन्होंने मुख्य जांच आयुक्त कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि उनकी टीम डॉक्यूमेंटेशन, ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने धन्यवाद ज्ञापन किया और इस पुस्तक को प्रशासनिक क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने पुस्तक के प्रकाशन के लिए मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक हलकों में इस पुस्तक को सेवा नियमों और प्रक्रियाओं की समग्र जानकारी देने वाली उपयोगी मार्गदर्शिका के रूप में देखा जा रहा है।







