Movie prime

खगड़िया में भावुक दिखे चिराग पासवान, चाचा को दी श्रद्धांजलि… परिवार संग बांटा दुख का पल

 
खगड़िया में भावुक दिखे चिराग पासवान, चाचा को दी श्रद्धांजलि… परिवार संग बांटा दुख का पल
Bihar news: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सोमवार को अपने पैतृक जिले खगड़िया पहुंचे, जहां उन्होंने अलौली प्रखंड के शहरबन्नी स्थित अपने आवास पर दिवंगत चाचा अर्जुन पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल भावुक रहा और चिराग परिवार के बीच कुछ समय बिताते नजर आए।

गांव पहुंचते ही चिराग पासवान ने सबसे पहले अपने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान समेत पूर्वजों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने अर्जुन पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान चिराग पासवान अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से भी मिले और काफी देर तक उनके साथ बैठकर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत कर इस कठिन समय में एकजुट रहने का भरोसा दिया।

इस मौके पर खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अर्जुन पासवान के निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अर्जुन पासवान के व्यक्तित्व और सादगी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

चिराग पासवान के आगमन को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।