Newshaat_Logo

भीम बांध पहुंचे CM सम्राट चौधरी, आदिवासी समाज ने रखीं मांगें; अधिकारियों को समाधान के निर्देश

 
भीम बांध पहुंचे CM सम्राट चौधरी, आदिवासी समाज ने रखीं मांगें; अधिकारियों को समाधान के निर्देश

Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इलाके में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और मौके पर मौजूद आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर स्थानीय आदिवासी समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे भी लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उनसे सीधे बातचीत की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना।

सड़क, पानी और हाई स्कूल की मांग

आदिवासी समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने इलाके से जुड़ी कई प्रमुख समस्याएं रखीं। इनमें सड़क निर्माण, पेयजल की व्यवस्था, हाई स्कूल, सिंचाई के लिए नहर और सामुदायिक भवन जैसी मांगें प्रमुख रहीं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आदिवासी समुदाय के विकास को लेकर गंभीर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाके में विकास से जुड़े जरूरी काम कराए जाएंगे और सरकार आदिवासी समाज के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विकास कार्यों का भी लिया जायजा

भीम बांध ईको-पर्यटन क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली। यह कार्यक्रम पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित किया गया था।

इस मौके पर गन्ना उद्योग मंत्री सह मुंगेर के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित रहे।