Newshaat_Logo

ईंधन बचाने के लिए CM सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश: पैदल पहुंचे सचिवालय, बिहार में ‘नो व्हीकल डे’ की भी तैयारी

 
ईंधन बचाने के लिए CM सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश: पैदल पहुंचे सचिवालय, बिहार में ‘नो व्हीकल डे’ की भी तैयारी
Bihar news: बढ़ती तेल कीमतों और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईंधन बचाने को लेकर अनोखी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को अमल में लाते हुए शुक्रवार को सम्राट चौधरी अपने लोक सेवक आवास से पैदल ही मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे।

मुख्यमंत्री की इस पहल ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल की अपील की है।

CM काफिले में कटौती, अतिरिक्त गाड़ियों पर रोक की अपील

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार ने ईंधन बचत को लेकर कई अहम फैसले किए हैं। इसके तहत मुख्यमंत्री काफिले में वाहनों की संख्या घटाई जाएगी।

साथ ही मंत्रियों, निगम-बोर्ड के अध्यक्षों, सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में बिना अतिरिक्त वाहनों के पहुंचने की अपील की गई है।

मेट्रो, बस और ऑटो के इस्तेमाल पर जोर

राज्य सरकार ने आम जनता से मेट्रो, बस, ऑटो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा उपयोग करने की अपील की है।

इसके अलावा सभी सरकारी विभागों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन की खपत को कम किया जा सके।

‘नो व्हीकल डे’ मनाने की तैयारी

सरकार ने सरकारी और निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने की भी सलाह दी है। वहीं सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का आह्वान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने सरकारी कैंटीनों में पाम ऑयल के कम इस्तेमाल का भी निर्देश दिया है, ताकि ऊर्जा और संसाधनों की बचत को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।

पेट्रोल-डीजल महंगा, बढ़ेगा आम आदमी पर असर

सम्राट चौधरी की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की है।

राजधानी न्यू दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत कई बड़े शहरों में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों के कारण आने वाले दिनों में महंगाई का असर और बढ़ सकता है।