NDA विधायकों को CM सम्राट चौधरी का मंत्र, बोले- ‘विकास की रफ्तार बनाए रखें, बांकीपुर उपचुनाव में भी पूरी ताकत लगाएं’
Bihar news: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सत्तारूढ़ एनडीए के विधायक और विधान पार्षदों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गठबंधन की एकजुटता, सरकार की प्राथमिकताओं और राज्य के विकास एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी विधायकों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के सामूहिक प्रयास से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पहले केवल 274 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन अब सरकार ने 211 नए डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उनका कहना था कि इससे बिहार के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार ने एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया है, जिसके जरिए छात्र किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
‘सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं’
मुख्यमंत्री ने सरकार की आर्थिक स्थिति को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है।
उन्होंने ‘सहयोग शिविर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हर महीने के दूसरे और अंतिम मंगलवार को वह स्वयं लोगों की समस्याएं सुनते हैं, ताकि आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार के लिए विधायकों से की अपील
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के सभी विधायकों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधायक प्रतिदिन कम से कम दो घंटे चुनाव प्रचार के लिए समय निकाले, ताकि गठबंधन की जीत सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि यदि किसी को किसी प्रकार की समस्या है तो वे व्यक्तिगत रूप से उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक के जरिए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि सरकार विकास कार्यों की गति बनाए रखने के साथ-साथ आगामी बांकीपुर उपचुनाव को भी पूरी गंभीरता से ले रही है।







