30 जून तक हर हाल में पूरी होगी CMR चावल आपूर्ति, खाद्य विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
बुधवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सचिव ने खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत सीएमआर चावल आपूर्ति और रबी विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत मसूर अधिप्राप्ति अभियान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
राशन वितरण में नहीं होगी कोई कोताही
बैठक के दौरान दीपक आनंद ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के लाभार्थियों तक निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अरवा-उसना चावल की मांग का होगा अध्ययन
सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएमजीकेएवाई और एएवाई के लाभार्थियों की अरवा एवं उसना चावल की वास्तविक मांग का सर्वेक्षण कर 30 जून तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इससे भविष्य में खाद्यान्न आपूर्ति को मांग के अनुरूप और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मिशन मोड में होगी मसूर की खरीद
बैठक में मसूर अधिप्राप्ति अभियान की समीक्षा करते हुए सचिव ने कहा कि किसानों से अधिक से अधिक मसूर की खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का पूरा लाभ मिल सके। इसके लिए मिशन मोड में खरीद अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों से रोजाना मिलेंगे सचिव
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जनसुनवाई को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभागीय सचिव से मिलने के लिए प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, ताकि जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे रख सकें।







