Newshaat_Logo

हाजीपुर के मशहूर साहू होटल के खाने में मिला कॉकरोच, स्वास्थ्य विभाग ने लाइसेंस किया सस्पेंड

बिहार के हाजीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजेंद्र चौक स्थित साहू होटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। होटल के तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद विभाग ने जांच की
 
साहू होटल

बिहार के हाजीपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजेंद्र चौक स्थित साहू होटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। होटल के तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद विभाग ने जांच की। इस दौरान किचन में गंदगी और तैयार खाद्य पदार्थों को खुले में अस्वच्छ जगह पर रखने जैसी गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 22 अक्टूबर से होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, वैध लाइसेंस के बिना होटल का संचालन करने पर भी रोक लगा दी गई है।

दरअसल, मेसर्स साहू होटल के तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत खाद्य संरक्षा आयुक्त कार्यालय, पटना को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 21 अक्टूबर को वैशाली जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि किचन में साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा, तैयार खाद्य पदार्थ खुले में और अस्वच्छ स्थान पर रखे हुए थे। खाद्य सुरक्षा के लिहाज से इसे गंभीर लापरवाही माना गया।

जांच में सामने आई इन खामियों के बाद विभाग ने होटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। अब वैध लाइसेंस के बिना होटल का संचालन नहीं किया जा सकेगा।

वहीं, खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की अपील की है। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।