नए साल पर बिहार में ठंड का कहर: शीतलहर और घने कोहरे से कांपा जनजीवन, 38 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Bihar weather report: साल 2026 की शुरुआत बिहार में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीतलहर के साथ हुई है। सुबह से ही ठिठुरन भरी हवा, धुंधली सड़कों और कम होती दृश्यता ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया के कई इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। वहीं राजधानी पटना में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को ठंड से जूझना पड़ा।
दक्षिण बिहार में पछुआ हवा के कारण ठंड और तीखी महसूस की जा रही है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। करीब 20 जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे सुबह और रात में कनकनी बढ़ गई। हालांकि दिन में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी से दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में थोड़ी राहत मिली, लेकिन उत्तर बिहार में कोहरे की चादर दिनभर छाई रही।
छपरा और मधुबनी में भीषण शीत दिवस की स्थिति बनी रही, जबकि भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में ठंड ने लोगों को बेहाल किया। जहानाबाद, बेगूसराय, भागलपुर और खगड़िया में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। भागलपुर में दृश्यता मात्र 20 मीटर तक सिमट गई, जबकि सिवान के जीरादेई में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों में कोहरा और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 5 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।
पूरे जनवरी महीने के पूर्वानुमान में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण से लेकर गया, औरंगाबाद, नवादा और जहानाबाद तक शीतलहर के बने रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी पटना में भी सुबह-शाम कोहरे और ठंडी हवा के कारण ठंड का असर बना रहेगा।
आपको बता दें कि नए साल की शुरुआत बिहार के लिए सर्द चुनौती बनकर आई है और फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही।







