Movie prime

बिहार में ठंड की विदाई शुरू, दिन में धूप तो रात में हल्की कनकनी, कोहरे से भी मिलेगी राहत

 
बिहार में ठंड की विदाई शुरू, दिन में धूप तो रात में हल्की कनकनी, कोहरे से भी मिलेगी राहत
Bihar Weather Update: बिहार में कड़ाके की ठंड का असर अब लगभग खत्म हो चुका है। हालांकि सुबह और शाम अभी भी हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन भीषण सर्दी का दौर अब अंतिम चरण में है। मौसम में बदलाव के साफ संकेत मिल रहे हैं और दिन-रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कोहरे से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सुबह हल्का कुहासा रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप निकलने से मौसम साफ हो जाएगा।

फरवरी में कैसी रहेगी ठंड?

भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी महीने में बिहार में कोल्ड डे और शीतलहर की संभावना बेहद कम है। दिन में तेज धूप रहेगी और रात की ठंड भी पहले के मुकाबले कम महसूस होगी। हालांकि फरवरी के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे थोड़े समय के लिए ठंड बढ़ सकती है।

आज इन जिलों में घना कोहरा, येलो अलर्ट

आईएमडी ने आज पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में हल्का कुहासा देखा जा रहा है। राहत की बात यह है कि आज के बाद अगले छह दिनों तक कोहरे को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।

3 फरवरी को इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 3 फरवरी को भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और गया में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

रात में अब भी महसूस हो रही ठंड

फरवरी की शुरुआत में पटना सहित कई जिलों में दिन में धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं के कारण शाम और रात में कनकनी बनी रही। दिन का तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर और छपरा सबसे ठंडे जिले रहे, जबकि किशनगंज सबसे गर्म रहा। रात का तापमान 7.8 से 13.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

बिहार में सर्दी अब विदा लेने की तैयारी में है और फरवरी के साथ मौसम धीरे-धीरे सुहावना होने वाला है।