Newshaat_Logo

बिहार में ठंड की दस्तक, सुबह घने कोहरे से कम हुई विजिबिलिटी; 21 नवंबर को 13 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। तूफान का व्यापक असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिलेगा, जहां भारी बारिश हो सकती है। बिहार में इसका प्रभाव कमजोर रहने की संभावना है।
 
ठंड

बिहार में ठंड ने दस्तक दे दी है। गुरुवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई लोग गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।

इधर, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'अकवान' का बिहार पर असर सीमित रहेगा। हालांकि, तूफान के प्रभाव से 21 नवंबर को प्रदेश के 13 जिलों में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में तेज हवा या भारी बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। तूफान का व्यापक असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखने को मिलेगा, जहां भारी बारिश हो सकती है। बिहार में इसका प्रभाव कमजोर रहने की संभावना है।

21 नवंबर को पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 22 नवंबर को जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बूंदाबांदी के आसार हैं।

हालांकि, प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का अनुमान नहीं है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, सारण, सीवान, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में 21 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। इन इलाकों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

उत्तर बिहार के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। बुधवार सुबह समस्तीपुर, बेगूसराय, बगहा और सुपौल में विजिबिलिटी घटकर करीब 100 मीटर रह गई थी। पूर्णिया में दृश्यता लगभग 400 मीटर दर्ज की गई।

राजधानी पटना में गुरुवार सुबह कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

20 नवंबर को पटना में मौसम सामान्य रहेगा। वहीं, 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। बारिश की संभावना के बीच तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।