रानी सती भवन में रंगों की मस्ती: मारवाड़ी सम्मेलन के होली मिलन में जुटे समाज के लोग, विधायक रतनेश कुशवाहा ने किया उद्घाटन
Bihar news: होली के पावन अवसर पर बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के पटना सिटी सखा की ओर से रानी सती भवन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग, उमंग और आपसी भाईचारे के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रत्नेश कुशवाहा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया और उपस्थित लोगों को होली की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं।

इस अवसर पर पटना नगर से प्रादेशिक अध्यक्ष राकेश बंसल, पटना नगर सखा अध्यक्ष शशि गोयल, अमित अग्रवाल, आशीष आदर्श, सुनील मौर्य, रणजीत झुनझुनावाला और विष्णु सुरेखा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान होली के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं, ताकि नई पीढ़ी भी इन परंपराओं से जुड़ सके।







