Newshaat_Logo

बोधगया में भक्ति और सेवा का संगम: रथयात्रा में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ

 
बोधगया में भक्ति और सेवा का संगम: रथयात्रा में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ

Gaya News: भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार श्रद्धा और भक्ति के साथ बोधगया में आयोजित महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने इस्कॉन मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन किए तथा बिहार सहित पूरे देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ डॉ. प्रेम कुमार ने स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने जगन्नाथ मंदिर परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया और कहा कि सेवा और स्वच्छता भारतीय संस्कृति के मूल मूल्य हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील भी की।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान श्रीजगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। रथयात्रा के दौरान पूरा वातावरण “जय जगन्नाथ” के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।

अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, त्याग और मानव कल्याण का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ का रथ समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देता है और यह पर्व एकता, प्रेम तथा राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्” के आदर्श को दुनिया के सामने प्रस्तुत करती है। ऐसे आध्यात्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने के साथ नई पीढ़ी को अपने संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का भी कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने भगवान श्रीजगन्नाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से बिहार निरंतर विकास, सामाजिक सद्भाव और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का जीवन सुख, शांति और खुशहाली से परिपूर्ण हो।