Newshaat_Logo

नालंदा में शराब तस्करों की फायरिंग, सिपाही अजीत कुमार की मौत, नवादा से शराब से लदी गाड़ी का पीछा कर रही थी टीम

बिहार के नालंदा में शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की है। इस गोलीबारी में एक गोली सिपाही को लगी। इलाज के दौरान सिपाही की मौत हो गई है। मृतक की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है।
 
शराब

बिहार के नालंदा में शराब तस्करों को पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

दरअसल, घटना बुधवार रात की है। पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी ईआईबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप नालंदा पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पटना से आई ईआईबी की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि शराब से लदी पिकअप वैन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रही थी। इसके बाद पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास टीम ने वाहन को रोकने और घेराबंदी करने की कोशिश की।

इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक लाइनर ने अचानक टीम पर गोली चला दी। गोली सीधे सिपाही अजीत कुमार को लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनका लाइनर पिकअप वैन समेत मौके से फरार हो गए।

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के मुताबिक, पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की जा रही थी।

घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। हाईवे समेत आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अब पुलिस फरार तस्करों और गोली चलाने वाले लाइनर की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है।