निर्माण कार्यों में रफ्तार और सख्ती: 450+ पंचायत सरकार भवन तैयार, 200 से अधिक प्रखंड कार्यालयों का काम शुरू
पंचायत सरकार भवनों का तेजी से निर्माण
विभाग द्वारा राज्यभर में 2615 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से 450 से अधिक भवन पूर्ण हो चुके हैं, जबकि करीब 300 भवन फिनिशिंग चरण में हैं। लक्ष्य है कि अगले 2–3 महीनों में 1000 भवनों का निर्माण पूरा कर लिया जाए। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष भवनों को भी तय समयसीमा में पूरा कर हैंडओवर प्रक्रिया तेज की जाए।
प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों को मिलेगी नई पहचान
राज्य के 240 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन और 59 प्रखंडों में आवासीय परिसर सहित कार्यालय भवन बनाए जा रहे हैं। अब तक 200 से अधिक भवनों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। शेष स्थानों पर टेंडर/पुनर्निविदा प्रक्रिया जारी है। सचिव ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह प्रतिस्पर्धी और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि कार्य समय पर और मानक के अनुरूप हो।
कारा, कला भवन और खेल संरचनाओं पर फोकस
विभिन्न जिलों के मंडल कारा में चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अटल कला भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिनकी क्षमता 620 लोगों की होगी। साथ ही खेल संरचनाओं और अभियंत्रण महाविद्यालयों में अतिरिक्त भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिवालय और विकास भवन में चल रहे अग्निशमन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
बैठक में निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। सचिव ने साफ कहा कि गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी। अभियंताओं को साप्ताहिक स्थल निरीक्षण और संवेदकों के साथ नियमित समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया गया। निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप हो, इसकी भी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
ऑनलाइन पोर्टल पीआईएमएस को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए, ताकि उच्च स्तर पर निगरानी हो सके और परियोजनाओं की पारदर्शिता बनी रहे।







