‘राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ना NDA के लिए फायदेमंद’- अशोक चौधरी का विपक्ष पर बड़ा हमला
‘राहुल के नेतृत्व से NDA को होगा फायदा’
इंडी गठबंधन द्वारा आगामी चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने के फैसले पर तंज कसते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि यह NDA के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितना भ्रम फैलाएगा, जनता उतनी मजबूती से NDA के साथ खड़ी होगी और गठबंधन पहले से बड़े बहुमत के साथ चुनाव जीतेगा।
SIR मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
चुनाव आयोग की प्रक्रिया और SIR को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष बेवजह हाय-तौबा मचा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के बीच यह गलत संदेश फैलाने की कोशिश की जा रही है कि चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दल के इशारे पर काम कर रहा है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।
बॉर्डर पर अवैध ढांचे हटाने के फैसले का समर्थन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सीमावर्ती इलाकों में अवैध ढांचे तोड़े जाने के बयान का समर्थन करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि खुली सीमा का फायदा उठाकर कई लोग अवैध तरीके से बसने की कोशिश करते हैं, ऐसे में सरकार की कार्रवाई पूरी तरह सही और जरूरी है।
मानव तस्करी पर तेजस्वी यादव को दी नसीहत
मानव तस्करी को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा। यदि विपक्ष के पास किसी तरह की जानकारी है तो उसे सरकार और प्रशासन को देनी चाहिए, ताकि कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र सरकार इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
NEET पेपर लीक पर जताई चिंता
देशभर में चर्चा में रहे NEET पेपर लीक मामले पर अशोक चौधरी ने चिंता जताते हुए कहा कि यह छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए और परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी तथा मजबूत व्यवस्था के तहत आयोजित किया जाना चाहिए।
धार्मिक सौहार्द पर दिया बड़ा संदेश
मद्रास हाई कोर्ट के फैसले और धार्मिक संवेदनशीलता के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि हर समुदाय को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे बोधगया जाते हैं तो वहां की परंपराओं का सम्मान करते हुए उसी तरीके से पूजा-अर्चना करते हैं।
वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ
बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि इतनी कम उम्र में उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कामना की कि वैभव आने वाले समय में क्रिकेट जगत के बड़े रिकॉर्ड तोड़कर देश और बिहार का नाम रोशन करें।







