बिहार में सहकारिता सेक्टर को मिलेगा नया बूस्ट: बंद चीनी मिलें होंगी चालू, ‘सुधा मॉडल’ पर खुलेंगे सब्जी विक्रय केंद्र
बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
‘सुधा मॉडल’ पर खुलेंगे सब्जी विक्रय केंद्र
समीक्षा बैठक में सबसे बड़ा फैसला बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) के जरिए राज्य में सब्जी विक्रय केंद्र खोलने को लेकर लिया गया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि “सुधा मॉडल” की तर्ज पर पायलट प्रोजेक्ट तैयार किया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके और सब्जियों की मार्केटिंग व्यवस्था मजबूत हो।
सकरी और रैयाम की बंद चीनी मिलों पर सरकार का फोकस
मंत्री राम कृपाल यादव ने मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम स्थित बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और गन्ना किसानों को बड़ा लाभ मिल सकता है।
शहद और बुनकर समितियों को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में शहद उत्पादक सहकारी समितियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनके विस्तार की रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
साथ ही बुनकर सहयोग समितियों को विभागीय स्तर पर अधिक सहायता देने और व्यवहारिक योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पैक्स कंप्यूटरीकरण और गेहूं खरीद अभियान पर जोर
मंत्री ने गेहूं अधिप्राप्ति अभियान में तेजी लाने और तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना के तहत शेष सभी पैक्सों का जल्द डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
अनुमंडल स्तर पर बनेंगे विभागीय कार्यालय
प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अनुमंडल स्तर पर सहकारिता विभाग के कार्यालय भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करें और ज्यादा से ज्यादा समितियों को सक्रिय बनाकर सहकारिता आंदोलन को मजबूत करें।
इस दौरान विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह , बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







