Newshaat_Logo

सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार; प्रेम कुमार ने बिस्कोमान से पारदर्शिता पर दिया जोर

 
सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार; प्रेम कुमार ने बिस्कोमान से पारदर्शिता पर दिया जोर

Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा है कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक और किसान-केंद्रित सेवाओं के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है।

अध्ययन दौरे के दौरान मालदीव पहुंचे डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को बिस्कोमान बिहार-झारखंड की वार्षिक आमसभा को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिस्कोमान की गतिविधियों, सहकारिता के विस्तार और किसानों से जुड़ी सेवाओं को लेकर अपनी बात रखी।

किसानों के लिए अहम भूमिका निभा रहा बिस्कोमान

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिस्कोमान बिहार और झारखंड में काम करने वाली प्रमुख बहुराज्यीय सहकारी संस्थाओं में शामिल है। कृषि आदानों की उपलब्धता से लेकर उर्वरक वितरण तक संस्था किसानों की जरूरतों को पूरा करने में भूमिका निभा रही है।

इसके अलावा किसान सेवा केंद्र, गोदाम और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के जरिए भी किसानों को सहायता मिल रही है।

पैक्स के जरिए बढ़ रही डिजिटल और बैंकिंग सेवाएं

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में सहकारिता क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है। बड़ी संख्या में पैक्स को डिजिटल और बहुउद्देशीय गतिविधियों से जोड़ा गया है।

पैक्स के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर, उर्वरक वितरण, पीएम किसान समृद्धि केंद्र, बैंकिंग सेवाएं और भंडारण जैसी गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता को केवल पारंपरिक गतिविधियों तक सीमित रखने के बजाय इसे आधुनिक तकनीक और नई सेवाओं से जोड़ना जरूरी है।

सहकारिता को लेकर केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख

डॉ. प्रेम कुमार ने केंद्र सरकार की ओर से सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के लिए अलग मंत्रालय बनाए जाने के बाद “सहकार से समृद्धि” के लक्ष्य के तहत पैक्स के कंप्यूटरीकरण, सहकारी भंडारण, कृषि विपणन और सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है।

बिस्कोमान को निर्यात व्यवस्था से जोड़ने पर जोर

डॉ. प्रेम कुमार ने बिस्कोमान को राष्ट्रीय सहकारी निर्यात व्यवस्था से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे किसानों के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल सकता है।

उन्होंने बिस्कोमान से अपनी सेवाओं में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही किसानों की जरूरतों को केंद्र में रखकर सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

वार्षिक आमसभा पर दी शुभकामनाएं

विधानसभा अध्यक्ष ने बिस्कोमान के पदाधिकारियों, कर्मचारियों, सदस्यों और किसानों को वार्षिक आमसभा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्था के बेहतर भविष्य की कामना करते हुए सहकारिता के माध्यम से किसानों और ग्रामीण समाज को मजबूत करने की दिशा में निरंतर काम करने की बात कही।