Movie prime

बेतिया में गरीबों के हक को लेकर सड़कों पर उतरी भाकपा, डीएम कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन

 
Bihar news

Bihar news: पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया में गुरुवार को गरीब, भूमिहीन और कटाव पीड़ित परिवारों के अधिकारों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाकपा पश्चिम चम्पारण और गरीब, भूमिहीन व कटाव पीड़ित मोर्चा के संयुक्त बैनर तले आयोजित किया गया।

भाकपा कार्यकर्ताओं ने बेतिया के बलिराम भवन स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस निकाला। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला समाहरणालय पहुंचा, जहां जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।

जमीन के मालिकाना हक की मांग

प्रदर्शन में शामिल लोगों की मुख्य मांग थी कि बेतिया राज की जमीन पर वर्षों से रह रहे गरीब, भूमिहीन और कटाव पीड़ित परिवारों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाए। इसके साथ ही सभी गरीब भूमिहीन परिवारों को वास भूमि का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

उजाड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील

प्रदर्शनकारियों ने अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर गरीब परिवारों को बेघर किया जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। साथ ही, भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई कर उन पर अंकुश लगाने की भी मांग की गई।

पार्टी नेताओं ने किया नेतृत्व

इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा के राज्य नेता रामचंद्र महतो, जानकी पासवान, रामाकांत अकेला और विजय शंकर सिंह ने किया। वहीं जिला स्तर पर जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति, जिला किसान नेता राधामोहन यादव, बब्लू दूबे और केदार चौधरी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि यदि गरीबों और भूमिहीनों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग की।