पटना में गैस कालाबाजारी पर कड़ा वार: छापेमारी के बाद हालात सामान्य, एजेंसियों पर घटी भीड़
• PNG उपभोक्ताओं की LPG बुकिंग पर रोक, इंडक्शन चूल्हों के दाम चढ़े
जिलाधिकारी थ्यागराजन SM की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले की 136 गैस एजेंसियों में 16 लाख से ज्यादा उपभोक्ता पंजीकृत हैं। हाल के दिनों में जहां लाखों लोग गैस बुकिंग करा रहे थे, वहीं अब बुकिंग का आंकड़ा तेजी से घटा है। इसका मतलब साफ है कि घबराहट कम हुई है और सप्लाई पर्याप्त है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों के आधार पर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें। अब ऑनलाइन बुकिंग के जरिए सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे वितरण केंद्रों पर भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है।
आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए एक अहम फैसला भी लिया गया है। जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उनकी LPG बुकिंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। इससे जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता और बेहतर हो सकेगी।
इधर, गैस की बढ़ती मांग का असर बाजार में भी दिख रहा है। पहले जहां इंडक्शन चूल्हों पर भारी छूट मिल रही थी, अब वे लगभग MRP पर बिक रहे हैं और कई लोकप्रिय ब्रांड्स का स्टॉक भी खत्म हो चुका है। दुकानदारों के मुताबिक, नई सप्लाई में देरी के कारण कीमतें बढ़ी हैं।
प्रशासन की सख्ती ने हालात को काबू में कर लिया है। अब चुनौती यह है कि इस व्यवस्था को लगातार बनाए रखा जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।







