Newshaat_Logo

बिहार में चक्रवात अर्नब का असर जारी, 13 जिलों में भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट

बिहार में चक्रवात अर्नब का असर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। 
 
Bihar

बिहार में चक्रवात अर्नब का असर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। गोपालगंज और बेतिया में बारिश हो रही है, जबकि राजधानी पटना में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में फिलहाल पूरे बिहार में एक साथ मौसम साफ होने की संभावना नहीं है। हालांकि, चक्रवात का प्रभाव अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के आसार हैं। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 10 जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। वहीं, पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में सुबह तक 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ गन्ना, आलू और सब्जियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। लगातार बारिश से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है।