रोहिणी आचार्य के बयान पर दीपा मांझी का पलटवार, बोलीं- ‘सम्मान चाहिए तो सम्मान देना भी सीखिए’
Bihar news: बिहार की सियासत में नेताओं के बयानों को लेकर एक बार फिर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू और बिहार की मंत्री दीपा मांझी ने राजद नेता रोहिणी आचार्य के हालिया बयानों पर कड़ा जवाब दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दीपा मांझी ने परिवार, बुजुर्गों के सम्मान और राजनीतिक भाषा को लेकर रोहिणी आचार्य पर निशाना साधा।
दीपा मांझी ने कहा कि किसी व्यक्ति के लिए उसके माता-पिता और बुजुर्ग जितने सम्मानित होते हैं, उतना ही सम्मान दूसरे परिवारों के बुजुर्गों का भी होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित परिवारों के माता-पिता और बुजुर्गों को कमतर समझना एक तरह की ‘राजसी और सामंती मानसिकता’ है। उन्होंने रोहिणी आचार्य से ऐसी सोच से बाहर आने की अपील की।
‘दलित परिवार के माता-पिता भी सम्मान के हकदार’
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दीपा मांझी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी परिवार को यह अधिकार नहीं है कि वह दूसरे परिवार के माता-पिता या बुजुर्गों का अपमान करे। उन्होंने अपने ससुर जीतन राम मांझी के सम्मान को लेकर भी स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि उनके लिए ससुर का सम्मान सर्वोपरि है।
दीपा मांझी ने यह भी कहा कि उनके परिवार में बेटी और बहू के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता और सभी को समान सम्मान व अधिकार दिया जाता है।
रोहिणी आचार्य की भाषा पर भी उठाए सवाल
दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य की राजनीतिक भाषा को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर किसी बयान को ‘बेटी का जवाब’ बताकर सही ठहराया जाता है, तो उसी अंदाज में आने वाले जवाब को अमर्यादित नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने इसे दोहरे मापदंड का उदाहरण बताते हुए कहा कि राजनीति में एक पक्ष को बोलने की पूरी छूट और दूसरे पक्ष को जवाब देने पर आपत्ति का रवैया अब स्वीकार नहीं किया जा सकता।
‘अब कोई चुपचाप सहने वाला नहीं’
अपने पोस्ट के अंत में दीपा मांझी ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी के माता-पिता का अपमान करने के बाद सम्मान की बात नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने संदेश दिया कि सम्मान पाने के लिए पहले दूसरों को सम्मान देना जरूरी है।
दीपा मांझी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर परिवार और राजनीतिक मर्यादा को लेकर बहस तेज हो गई है। दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।







